समाज में ऐसे लोग भी हैं जो ईमानदारी की मिसाल पेश कर रहे हैं। पैसों या किसी अन्य चीज के लालच में आकर अपना मन नहीं डोलने दिया। सुल्तानपुर लोधी के सदर बाजार सिथत अजंता ड्राईक्लीनर्स के मालिकों ने दूसरी बार ईमानदारी की मिसाल पेश की है। गांव कबीरपुर की संदीप कौर सदर बाजार स्थित अजंता ड्राईक्लीनर्स के मालिक शिव कुमार कनौजिया और पवन कनौजिया के पास ड्राई क्लीनर करवाने के लिए कपड़े लेकर आई थी। उनके कपड़ों में सोने की चेन थी, जिसे शिव कुमार कनौजिया और पवन कनौजिया ने संभालकर रख लिया और जब महिला कपड़े लेने दुकान पर पहुंची तो चेन को उन्हें सौंप दिया। संदीप कौर ने दुकानदार को धन्यवाद दिया। शिव कुमार कनौजिया ने बताया कि इससे पहले भी तारपुर निवासी सोनू का एक सोने का कंगन भी उसके कोट पैंट में छूट गया था, जिसे भी उसने वापस कर दिया था।