फगवाड़ा में आवारा कुत्तों का कहर जारी है। केवल सिविल अस्पताल में ही रोजाना लगभग 40 मरीज कुत्तों द्वारा काटे जाने के आ रहे हैं। यह संख्या केवल फगवाड़ा के सिविल अस्पताल की है जबकि फगवाड़ा के 100 से अधिक प्राइवेट अस्पतालों या डाक्टरों के पास रोजाना डाॅग बाइट के केसों का केवल अंदाजा ही लगाया जा सकता है। फगवाड़ा नगर निगम और सिविल प्रशासन इस मामले को लेकर संवेदनशील नहीं है जिसका खामियाजा रोजाना लोगों को भुगतना पड़ रहा है। रविवार को स्थानीय गुरु तेग बहादर नगर टिब्बी में एक बच्चे को गली के आवारा कुत्ते ने काट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। 11 वर्षीय पीयूष पुत्र विकास को कुत्ते ने मुंह पर इतना बुरी तरह काटा कि उसके गाल व होठों पर 13 टांके लगाने पड़े। सिविल अस्पताल की एसएमओ डा. सिमरदीप कौर ने बताया कि आवारा कुत्तों के काटने के मामले रोजाना आ रहे हैं।