पंजाब के कपूरथला के सुल्तानपुर लोधी में पहली पातशाही श्री गुरु नानक देव जी के 555वें प्रकाश पर्व (गुरु पर्व) को समर्पित समूह दशम पातशाह की लाडली फौजों निहंग सिंह दलों की ओर से खालसाई जाहो-जलाल से महल्ला निकाला गया। इस महल्ले की शुरुआत शिरोमणि पंथ अकाली बुड्ढा दल पांचवा तख्त चलदा वहीर चक्रवर्ती के मुखी शिरोमणि सेवा रत्न, शिरोमणि पंथ रत्न सिंह साहिब जत्थेदार बाबा बलबीर सिंह 96 करोड़ी की अगुवाई में ऐतिहासिक निशान नगाड़ों की छत्रछाया में दल पंथ के अस्थानों से की गई। महल्ला में निहंग सिंह दल के मुखिया और बड़ी संख्या में निहंग सिंहों ने अपने हाथों में तलवारें, सुंदर दोमाले, खंडे, चंद गुर्ज, शिंगार, नेजे और नीले केसरी बाणे पहनकर युद्ध जैसे माहौल का नजारा पेश कर रहे थे। इस मौके निहंग सिंहों का एक विशाल कारवां हाथी, ऊंट, घोड़े, गाड़ियों के अलावा पैदल यात्रा करते हुए गुरुद्वारा हट साहिब, मोहल्ला कदगरा, चौक झटकियां, मोहल्ला ऋषि नगर, चौक चेलियां, गुरुद्वारा श्री कोठड़ी साहिब, गुरु का बाग, एसडी कॉलेज, मोहल्ला हकीमां, न्यू मॉडल टाउन, शहीद ऊधम सिंह चौक, गेट संत घाट दाना मंडी से होते हुए गुरुद्वारा संत घाट के पास मैदान में पहुंचे। घुड़दौड़ और निहंग सिंहों के हैरतअंगेज जंगी करतब देखने के लिए हजारों की तादाद में लोग मौजूद थे।