पंजाब पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मोगा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए NDPS एक्ट की धारा 68(F) के अंतर्गत 4 आरोपियों की करीब 2,20,62,856 रुपये की संपत्ति फ्रिज की है। डीएसपी जसविंदर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना फतेहगढ़ पंजनतूर में दर्ज मुकदमा नंबर 24 NDPS एक्ट के तहत साल 2025 मामले में आरोपी गुरप्रीत सिंह निवासी दानेवाला और गगनदीप सिंह निवासी सैदेशाह वाला की संपत्तियों को अटैच किया गया है। दोनों आरोपियों के घरों के बाहर नोटिस भी लगाए गए हैं। इनकी कुल संपत्ति की कीमत लगभग 1,79,12,856 रुपये है। इसके अलावा मुकदमा नंबर 78 के तहत आरोपी लवहीरा सिंह उर्फ लव निवासी फतेहगढ़ पंजनतूर की करीब 15 लाख रुपये की संपत्ति को भी अटैच किया गया है। वहीं, साल 2023 के मुकदमा नंबर 21 में NDPS एक्ट के तहत गिरफ्तार आरोपी सुरजीत सिंह निवासी फतेहगढ़ पंजनतूर जिसे माननीय अदालत द्वारा 10 फरवरी 2026 को 10 साल की सजा और 1 लाख रुपये जुर्माना सुनाया गया था, सुरजीत सिंह की भी संपत्ति अटैच की गई है। इस संपत्ति की कीमत लगभग 41,50,000 रुपये बताई गई है। जांच के दौरान यह सामने आया कि उक्त संपत्तियां आरोपियों द्वारा अवैध तरीकों से अर्जित की गई थीं। भारत सरकार के वित्त विभाग के सक्षम प्राधिकारी से मंजूरी मिलने के बाद यह कार्रवाई अमल में लाई गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी नशा तस्करों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।