मोगा पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 50 ग्राम हेरोइन, 19 लाख रुपये की ड्रग मनी और एक स्विफ्ट कार (PB-03-AY-6788) बरामद की है। थाना सदर के इंस्पेक्टर हरबिंदर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस पार्टी इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि खुखराना दाना मंडी में एक कार सवार व्यक्ति नशा तस्करी कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत मौके पर छापा मारकर स्वर्ण सिंह निवासी जालंधर को काबू कर लिया। गाड़ी की तलाशी लेने पर आरोपी के पास से 50 ग्राम हेरोइन, 19 लाख रुपये नकद और एक ओप्पो मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और कार सहित सभी सामान कब्जे में ले लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं। आज आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया जाएगा, ताकि मामले की गहराई से जांच की जा सके।