कपूरथला के गांव बिशनपुर जट्टां के नजदीक दो दिन पहले तेजधार हथियारों से व्यक्ति की बेरहमी से हत्या के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस मामले में दो आरोपियों की पहचान की गई है, जबकि एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की पहचान लवप्रीत सिंह और आकाशदीप के तौर पर हुई है। आकाशदीप को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दूसरे आरोपी की तलाशी की जा रही है। एसएसपी वत्सला गुप्ता ने बताया कि यह हत्या पुरानी रंजिश के चलते हुई है। मृतक ओंकार सिंह पर वर्ष 2015 में गांव की एक नाबालिग से दुष्कर्म करने का मामला थाना कोतवाली में दर्ज हुआ था। मामले में उसे सजा भी हुई थी। बाद में पीड़ित बच्ची की मौत हो गई थी। इसी रंजिश के चलते बच्ची के भाई ने अपने दोस्त के साथ मिलकर ओंकार सिंह (46) की हत्या की है।