फगवाड़ा में चोरों के हौसले इस कद्र बुलंद हैं कि सिटी थाने से मात्र 200 फीट की दूरी पर स्थित वधवा सेनेटरी स्टोर में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात में चोर लगभग अढ़ाई लाख रुपए की नकदी तथा 4-5 लाख रुपये का सामान चोरी कर फरार हो गए। इस बारे में जानकारी देते हुए दुकान मालिक व यूथ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अशोक वधवा ने बताया कि वह रोजाना की तरह मंगलवार को रात लगभग साढ़े आठ बजे दुकान बंद करके गए थे और बुधवार सुबह रोज की तरह सवा दस बजे दुकान खोली। उन्होंने बताया कि दुकान का सामान बिखरा हुआ देख कर उन्हें शक हुआ तो ऊपर जा कर देखा कि चोर दुकान के पीछे से दुकान की छत पर पहुंचे और छत का दरवाजा तोड़ कर दुकान के गल्ले में से लगभग 2.5 लाख रुपये से अधिक की नकदी चोरी कर ले गए। उन्होंने बताया कि चोर जाते हुए बाबा जी के मंदिर के लिए रोजाना निकाले जाने वाला दान भी दान पात्र से चुरा कर ले गए। इसके अलावा दुकान से पीतल का लगभग 4-5 लाख रुपए का सामान भी चोर ले गए।उन्होंने कहा कि फगवाड़ा में पुलिस प्रशासन नाम की कोई चीज़ नहीं है। जब थाने से 200 फीट दूरी के लोग सुरक्षित नहीं हैं तो पुलिस से सुरक्षा की उम्मीद करना बेकार है।