मोगा जिले के निहाल सिंह वाला विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत गांव तख्तूपुरा में माघी मेले के अवसर पर शिरोमणि अकाली दल की ओर से एक विशाल राजनीतिक कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इस कॉन्फ्रेंस की अगुवाई शिरोमणि अकाली दल के पंजाब प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने की। इस मौके पर सुखबीर सिंह बादल के साथ मोगा जिले की समस्त वरिष्ठ नेतृत्व मौजूद रही। कार्यक्रम में पार्टी के बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचे। सुखबीर बादल ने कहा कि पंजाब हमारा अपना घर है, हमें यहीं जीना-मरना है। यह देश हमारा है। इस देश को आज़ाद कराने के लिए सबसे ज़्यादा कुर्बानियां पंजाब के बहादुर लोगों ने दी हैं। अगर पंजाब तरक्की के रास्ते पर चलेगा, तो हम सब तरक्की के रास्ते पर चलेंगे और हमारी आने वाली पीढ़ियां भी आगे बढ़ेंगी। लेकिन अगर पंजाब ही पीछे चला गया, तो फिर हमारा यहां रहना किस काम का रह जाएगा, क्योंकि हमारा घर यही है। उन्होंने कहा हम बिना सोचे-समझे फैसले कर लेते हैं। कोई झूठ बोल देता है तो हम उसकी बातों में आ जाते हैं, कोई कह देता है कि मैं गारंटी देता हूं तो हम मान लेते हैं, कोई झूठी कसम खा लेता है तो हम उस पर विश्वास कर लेते हैं। लेकिन जो सच बोलता है, जो काम करके दिखाता है, उसकी बात हम नहीं मानते।