राजपुरा की स्थानीय शास्त्री मार्केट स्थित 'महादेव क्लॉथ स्टोर' में वीरवार सुबह चोरों ने सेंधमारी कर लाखों रुपये के माल पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित व्यापारी संजय फिरानी के अनुसार, चोरों ने दुकान के ताले तोड़कर करीब 3 लाख रुपये मूल्य के कपड़ों के थान और गल्ले में रखी 25 से 30 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली है। दुकान के मालिक संजय फिरानी ने बताया कि वह रोजाना की तरह सुबह करीब साढ़े 9 बजे जब अपनी दुकान खोलने पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गए। दुकान के ताले टूटे हुए थे, हालांकि शटर नीचे किया हुआ था। जैसे ही उन्होंने शटर उठाया, अंदर कई रैक (खाने) खाली पड़े थे जहां महंगे कपड़ों के थान रखे हुए थे। गल्ले की जांच करने पर पता चला कि उसमें रखी नकदी भी गायब थी। चोरों ने साथ वाली दुकान के भी ताले तोड़े लेकिन शटर में सेंटर लॉक लगा होने के चलते वहां चोरी होने से बच गई जोकि उनके भाई नरिंदर कांत की शॉप थी।