पंजाब में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और पुलिस कार्यप्रणाली को और अधिक पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से DGP (क्राइम) पंजाब, वी. नीरजा सोमवार देर रात को अचानक राजपुरा सिटी थाना पहुंचीं। उनके इस औचक निरीक्षण से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। इस दौरान उनके साथ SSP पटियाला वरुण शर्मा और SP पटियाला वैभव चौधरी भी विशेष रूप से मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान DGP वी. नीरजा ने थाने के रोजनामचे, मालखाना और हवालात की स्थिति का बारीकी से मुआयना किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को लंबित मामलों का जल्द निपटारा करने और आम जनता के साथ तालमेल बिठाकर काम करने के निर्देश दिए। राजपुरा सिटी थाने की जांच से पहले उच्च अधिकारियों का काफिला बनूड़ पहुंचा, जहां थाने की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई।