मोहाली में पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड के कर्मचारियों ने बुधवार को अपनी मांगों को लेकर शिक्षा बोर्ड कार्यालय के मुख्य गेट को बंद कर प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड मुलाजिम जत्थेबंदी के प्रदेश सचिव परमजीत सिंह बेनीपाल ने कहा कि पंजाब सरकार की ओर बोर्ड का करीब 574 करोड़ रुपये बकाया है। सरकार को यह राशि जल्द से जल्द बोर्ड को जारी करनी चाहिए, ताकि बोर्ड के कामकाज और कर्मचारियों से जुड़ी समस्याओं का समाधान हो सके। उन्होंने कहा कि बोर्ड में लंबे समय से काम कर रहे कच्चे कर्मचारियों को भी नियमित किया जाए। कर्मचारियों की ओर से अपनी मांगों को लेकर लगातार सरकार और संबंधित अधिकारियों के समक्ष आवाज उठाई जा रही है, लेकिन अभी तक मांगों का उचित समाधान नहीं हुआ है। बेनीपाल ने कहा कि कर्मचारी अपनी जायज मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। यदि सरकार ने जल्द मांगों को स्वीकार नहीं किया तो आने वाले दिनों में संघर्ष को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में बोर्ड कर्मचारी मौजूद रहे।