मोहाली। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फरार चल रहे गैंगस्टर जोबनजीत सिंह उर्फ जोबन बिल्ला को रविवार को इंडोनेशिया से डिपोर्ट कर भारत लाया गया। आरोपी को हवाई यात्रा के जरिए मोहाली के शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट लाया गया, जहां पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) की टीम उसे लेकर पहुंची। एयरपोर्ट पर पहले से मौजूद अमृतसर पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे अपनी हिरासत में ले लिया। आरोपी को आगे की पूछताछ और अदालत में पेश करने के लिए अमृतसर ले जाया गया। जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब सवा 5 बजे एसपी विक्रम बराड़ की अगुवाई में एजीटीएफ की टीम आरोपी को लेकर एयरपोर्ट पहुंची। एयरपोर्ट परिसर को पुलिस छावनी में तबदील किया गया हुआ था। परिसर से बाहर निकलते ही अमृतसर पुलिस ने उसे अपनी कस्टडी में ले लिया। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। जोबनजीत के बाहर आते ही पुलिस ने उसे मुंह पर काला लिबास डाल दिया। इसके बाद हाई सिक्योरिटी में उसे अमृतसर ले जाया गया। पंजाब पुलिस के अनुसार, जोबनजीत सिंह उर्फ जोबन बिल्ला लंबे समय से विदेश में छिपकर गिरफ्तारी से बच रहा था। उसके खिलाफ पंजाब में चार हत्या, हत्या के प्रयास, एनडीपीएस एक्ट और आम्र्स एक्ट सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय अपराधियों के नेटवर्क से भी जुड़ा रहा है।