लुधियाना के उधम सिंह नगर स्थित मैपल वेयर स्कूल में नन्हें बच्चों ने उत्साह और उमंग के साथ मैंगो उत्सव मनाया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को फलों के महत्व से अवगत कराना और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से उनके सीखने के अनुभव को रोचक बनाना था। इस अवसर पर बच्चों ने आम की विभिन्न किस्मों, उसके पोषण मूल्य और स्वास्थ्य लाभों के बारे में जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पीले रंग की आकर्षक वेशभूषा पहनकर मैंगो थीम पर आधारित गतिविधियों में भाग लिया। बच्चों ने गीत, कविताएं, नृत्य और रंग-बिरंगी कला गतिविधियों के माध्यम से उत्सव का आनंद लिया। स्कूल प्रबंधन ने बताया कि इस तरह के आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उनमें प्रकृति, फलों और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के अंत में बच्चों ने आम से बने विभिन्न व्यंजनों का भी स्वाद लिया और पूरे उत्साह के साथ मैंगो उत्सव का आनंद उठाया।