लुधियाना के शिमलापुरी जनता नगर में हुए दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे में पर्दाफाश कर दिया है। कर्ज में डूबे भतीजे प्रदीप सिंह ने ही अपने बुजुर्ग बुआ-फूफा की बेरहमी से हत्या की थी। पुलिस ने आरोपी प्रदीप सिंह (34) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल लोहे का बैरिंग भी बरामद किया है। पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा ने यह जानकारी दी। गिरफ्तार आरोपी न्यू अंगद कॉलोनी का रहने वाला है। पूछताछ में सामने आया कि प्रदीप कर्ज के बोझ तले दबा था। उसके पास काम धंधा नहीं था, उसकी कार भी गिरवी थी। उसे पैसों की सख्त जरूरत थी। हरमीत कौर उसकी दूर की बुआ थीं। वह अक्सर उनसे मिलने आता और मदद के नाम पर पैसे ले जाता था।