जगरांव में विकास के नाम पर श्रेय की राजनीति और सरकारी सिस्टम से खिलवाड़ का एक और शर्मनाक मामला सामने आया है। नगर परिषद के नए बने कार्यकारी अध्यक्ष कवरपाल सिंह और विधायक बीबी सरबजीत कौर माणूके ने रेलवे ओवर ब्रिज के नीचे लिंक रोड वाली सड़क का उद्घाटन कर शहर में विकास का ढोल पीट दिया। लेकिन हकीकत सामने आते ही पूरा उद्घाटन राजनीतिक ड्रामा साबित हुआ। नगर परिषद सूत्रों के मुताबिक करीब 50 लाख रुपये से ज्यादा के टेंडर और वर्क ऑर्डर की बातें की जा रही हैं। सवाल यह है कि काम शुरू भी नहीं हुआ और नेताओं ने फीता काटकर वाहवाही लूट ली! बाद में जो सच्चाई सामने आई उसने नेताओं की पोल खोल दी। यह सड़क नगर परिषद की नहीं, बल्कि पूरी तरह से पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकार क्षेत्र में आती है। पीडब्ल्यूडी के जूनियर इंजीनियर करमजीत सिंह ने साफ शब्दों में कहा कि सड़क का निर्माण पीडब्ल्यूडी ही करेगा, जल्द काम शुरू होगा। यानि उद्घाटन करने वालों का इस सड़क से कोई लेना-देना ही नहीं!