पंजाब के सबसे महंगे लाडोवाल टोल प्लाजा पर शनिवार की रात को उस समय अफरा तफरी मच गई जब कार सवार युवकों ने वीआईपी लाइन से गुजरने की जिद्द की और वर्करों ने उन्हें रोक लिया। इसी दौरान आरोपियों ने मारपीट की और सामान फेंक कर अपने पास रखे हथियार से गोलियां चला दी। गोलियां चलने की आवाज से सभी डर गए और इधर उधर भाग गए। हैरानी की बात यह है कि थाने से महज सौ से डेढ़ सौ मीटर दूरी पर टोल प्लाजा पर आरोपी गोलियां चला फरार हो गए और पुलिस को पता तक नहीं चला। पुलिस को उस समय पता चला जब उन्हें सूचना दी गई। तुरंत पुलिस वहां पहुंची तब तक आरोपी रॉंग साइड ही गाड़ी भगा कर फरार हो गए। सारी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है।