बॉडी बिल्डर बाउंसर पवनप्रीत सिंह की खुदकुशी मामले में सभी 8 आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर परिजनों समेत सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने लुधियाना फिरोजपुर राष्ट्रीय मार्ग पर धरना देकर मुख्य चौक पर यातायात ठप रखा। लुधियाना बठिंडा राज मार्ग पर कस्बा सुधार बाजार में थाना रोड के सामने शव रख प्रदर्शन करने के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम को स्थगित करते हुए सैकड़ों प्रदर्शनकारियों द्वारा अचानक राष्ट्रीय मार्ग जाम करने से पुलिस प्रशासन के हाथ पांव फूल गए। लुधियाना में आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान की आमद के चलते जिला लुधियाना ग्रामीण पुलिस के अधिकतर उच्च अधिकारी और अन्य पुलिस मुलाजिमों की बड़ी संख्या सुरक्षा इंतजामों में लगी थी।