खन्ना में सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण करने के प्रयास का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही नगर काउंसिल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर टीम भेजकर निर्माण कार्य रुकवाया और निर्माण सामग्री को जब्त कर लिया। वार्ड नंबर 26 के पार्षद शमिंदर सिंह मिंटू ने बताया कि सुबह मोहल्ला निवासियों का फोन आया कि सरकारी जमीन पर कुछ लोग अवैध निर्माण कर रहे हैं। जानकारी मिलते ही वह अपने वार्ड इंचार्ज के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति की सूचना काउंसिल के ईओ चरणजीत सिंह को दी। ईओ चरणजीत सिंह ने तुरंत टीम भेजकर मौके पर कार्रवाई करवाई और कहा कि सरकारी जमीन पर किसी भी कीमत पर कब्जा नहीं करने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि संबंधित व्यक्ति के पास कोई वैध कागजात हैं तो वह कल दफ्तर में लेकर पहुंचे। पार्षद मिंटू ने आगे बताया कि मौके पर लोगों ने जानकारी दी कि जगदेव सिंह लोटे नामक व्यक्ति सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण कर रहा था। जब उससे बात की गई तो उसने इस बात से साफ इनकार कर दिया। वहीं, गुरदेव सिंह लोटे ने बताया कि उन्हें यूनियन के प्रधान गुंबचन सिंह ने निर्माण करने के लिए कहा था, लेकिन जब उन्हें पता चला कि जमीन सरकारी है, तो उन्होंने तुरंत काम बंद करवा दिया।