जगरांव में नगर कौंसिल की कार्यप्रणाली एक बार फिर विवादों में घिर गई है। वार्ड नंबर 6 में बने छप्पड़ को कूड़े का डंप बनाने के मामले ने अब राजनीतिक रंग भी ले लिया है। इलाके के लोगों ने आरोप लगाया है कि एससी वार्ड होने के कारण उनके इलाके के साथ जानबूझकर भेदभाव किया जा रहा है और पूरे शहर का कूड़ा उनके वार्ड में डालकर गंदगी के पहाड़ खड़े कर दिए गए हैं। इस मुद्दे को लेकर गुस्साए लोगों ने नगर कौंसिल के खिलाफ रोष मार्च निकालते हुए नगर कौंसिल दफ्तर का घेराव किया और कार्यकारी प्रधान के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। लेकिन जब लोग नगर कौंसिल पहुंचे तो कार्यकारी प्रधान अपने दफ्तर में मौजूद नहीं मिले, जिससे लोगों का गुस्सा और भड़क गया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने रानी झांसी चौक में धरना देकर जलांधर-बरनाला हाईवे को जाम कर दिया। मौके पर वार्ड नंबर 6 के पार्षद जरनैल सिंह लोहट ने नगर कौंसिल के अधिकारियों और कार्यकारी प्रधान पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके वार्ड को जानबूझकर कूड़े का डंप बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले करीब 12 लाख रुपये खर्च कर छप्पड़ की सफाई करवाई गई थी, लेकिन अब दोबारा उसी जगह कूड़ा डालकर नया खेल खेला जा रहा है। पार्षद लोहट ने आरोप लगाया कि एक इलाके का कूड़ा उठाकर दूसरे इलाके में और दूसरे इलाके का कूड़ा यहां फेंका जा रहा है, जिससे साफ है कि सफाई के नाम पर जनता के पैसों का खेल खेला जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी भद्रकाली मंदिर के पीछे बने छप्पड़ की सफाई के नाम पर लाखों रुपये खर्च किए जा चुके हैं, लेकिन हालात आज भी बदतर हैं। गंदगी से लोगों का जीना हुआ मुश्किल इलाके के लोगों ने बताया कि कूड़े के ढेरों पर हुई बारिश के बाद बदबू इतनी ज्यादा फैल चुकी है कि लोगों का सांस लेना मुश्किल हो गया है। ऊपर से सीवरेज का गंदा पानी घरों के दरवाजों तक पहुंच रहा है। कूड़े और गंदे पानी में पनप रहे मच्छरों के कारण इलाके में बीमारियां फैलने लगी हैं और कई लोग बीमार पड़ चुके हैं। एससी वार्ड होने की सजा भुगत रहे लोग: पार्षद पार्षद जरनैल सिंह लोहट ने आरोप लगाया कि वह एससी वार्ड से पार्षद हैं और कांग्रेस पार्टी से जुड़े होने के कारण नगर कौंसिल में उनकी बात को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एससी वार्ड होने की सजा आम लोगों को दी जा रही है और पूरे शहर का कूड़ा उनके इलाके में डालकर लोगों को नारकीय जीवन जीने पर मजबूर किया जा रहा है। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही वार्ड नंबर 6 के छप्पड़ की सफाई नहीं करवाई गई और कूड़े का डंप हटाया नहीं गया तो वे नगर कौंसिल के गेट पर पक्का धरना लगाकर आंदोलन को और तेज करेंगे।