श्री फतेहगढ़ साहिब में शहीदी स्थल से लौट रहे एक युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा देर शाम खन्ना में जीटी रोड पर शनिदेव मंदिर के सामने हुआ। एक ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार दो लोगों को टक्कर मार दी, हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान गांव सलोदी निवासी 45 वर्षीय सोमा सिंह के रूप में हुई है, जबकि घायल की पहचान बूटा सिंह के रूप में हुई है। घायल बूटा सिंह ने बताया कि वह श्री फतेहगढ़ साहिब गुरुद्वारा साहिब से माथा टेककर लौट रहे थे। जब वह खन्ना पहुंचे तो उनके साथ हादसा हो गया। गांव के सरपंच हरमेश सिंह ने बताया कि हादसे में उनके गांव के रहने वाले सोमा सिंह की मौत हो गई। एसएसएफ पुलिस टीम के अधिकारी ने बताया कि खन्ना जीटी रोड पर एक ट्रक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिसमें सोमा सिंह की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।