गोराया नेशनल हाईवे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब चचराड़ी ओवरब्रिज पर एक ट्रक में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि उसे बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की करीब 8 से 10 गाड़ियों को मौके पर बुलाना पड़ा। दमकल कर्मियों ने करीब 5 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जानकारी देते हुए सौवर सिंह ने बताया कि वह मोटर ग्रेडर मशीन लेकर पटियाला से अमृतसर जा रहे थे। जब वह गोराया के चचराड़ी ओवरब्रिज के पास पहुंचे तो उनकी मशीन अचानक खराब हो गई। वह मशीन को देखने के लिए नीचे उतरे ही थे कि पीछे से आए एक ट्रक ने उनकी मशीन को टक्कर मार दी। उनका आरोप है कि ट्रक चालक नशे में था और ट्रक में कोई कैमिकल लोड था, जिसके कारण टक्कर लगते ही आग भड़क गई। उन्होंने ट्रक चालक को नीचे उतारा, लेकिन वह मौके से फरार हो गया। सड़क सुरक्षा फोर्स के इंचार्ज सरबजीत सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि लुधियाना से जालंधर की ओर जा रहा एक ट्रक चचराड़ी ओवरब्रिज पर खड़ी मोटर ग्रेडर मशीन से टकरा गया, जिसके बाद ट्रक में आग लग गई। मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि मोटर ग्रेडर मशीन और ट्रक दोनों आग की लपटों में घिरे हुए थे। ट्रक में प्लास्टिक का दाना लोड होने के कारण आग तेजी से फैल गई और विकराल रूप धारण कर लिया। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने तुरंत फायर ब्रिगेड और गोराया थाना पुलिस को सूचना दी। सुरक्षा के मद्देनजर हाईवे पर बैरिकेडिंग कर ट्रैफिक रोक दिया गया। बाद में फगवाड़ा और फिल्लौर से फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को बुलाया गया, जिसके बाद घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।