महानगर में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं और अब चोरों ने धार्मिक स्थलों को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है। ताजा मामला गोवर कॉलोनी से सामने आया है, जहां एक मंदिर में चोरी की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मंदिर के पुजारी ने बताया कि वह मंदिर में पाठ कर रहे थे। इसी दौरान तीन नाबालिग बच्चे मंदिर में आए, माथा टेकने के बाद वहीं बैठ गए। इनमें से एक नेपाली और दो बिहारी बताए जा रहे हैं। पुजारी के अनुसार, बच्चों ने बड़ी चालाकी से शनि महाराज के चांदी के चरण उठाकर उन्हें जैकेट में छिपा लिया और मंदिर के दूसरे गेट से फरार हो गए। यह पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें तीनों नाबालिग स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नाबालिगों को किसी गिरोह द्वारा चोरी के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है, क्योंकि यह काम बच्चों का अकेले किया जाना संभव नहीं लगता। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। मंदिर में हुई चोरी से श्रद्धालुओं में आक्रोश और चिंता का माहौल है।