जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने शहर में कथित अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गढ़ा स्थित ताज मार्केट के सामने संचालित रॉयल स्पा मसाज सेंटर पर छापेमारी कर कथित देह व्यापार रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से 3 युवतियों और 1 युवक को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा छापेमारी के दौरान आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद कर पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली। पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह के निर्देशों तथा एडीसीपी सिटी-2 राकेश यादव, एसीपी मॉडल टाउन मनमोहन सिंह और थाना डिवीजन नंबर-7 के प्रभारी इंस्पेक्टर रविंदर कुमार की अगुवाई में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बस्ती गढ़ा स्थित रॉयल स्पा में मसाज सेंटर की आड़ में कथित तौर पर देह व्यापार का धंधा चलाया जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने तुरंत रेड कर चार लोगों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में थाना डिवीजन नंबर-7 में केस दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में अशोक उर्फ आर्यन के अलावा पूजा, प्रीति मिश्रा और वंदना शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।