जालंधर के अर्बन एस्टेट फेज-2 स्थित कैंब्रिज इंटरनेशनल स्कूल की 9वीं कक्षा की छात्रा भूमिका (14) की मौत मिस्ट्री बन गई है। मामला आत्महत्या है या हत्या—इसको लेकर अलग-अलग एंगल सामने आ रहे हैं। पुलिस सभी तथ्यों को जोड़कर जांच में जुटी है। शुक्रवार शाम करीब साढ़े 5 बजे जालंधर हाइट्स सोसाइटी के एफ-ब्लॉक के पास भूमिका गंभीर हालत में गिरी मिली। उसे पिम्स मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद जब परिजन स्कूल पहुंचे तो टेनिस किट ग्राउंड में ही मिली। टेनिस इंस्ट्रक्टर को किट में एक कथित सुसाइड नोट मिला, जिसमें लिखा बताया जा रहा है-“मम्मा, मैं दो पेपर में फेल हूं।” परिवार ने इस नोट पर सवाल खड़े किए हैं। चाचा का दावा है कि नोट दबाव में लिखवाया गया हो सकता है। उनका कहना है कि रिजल्ट से पहले बच्ची को फेल होने की जानकारी किसने दी? भूमिका स्कूटी चलाना नहीं जानती थी, जबकि स्कूल से जालंधर हाइट्स की दूरी करीब 3-4 किलोमीटर है। ऐसे में वह वहां कैसे पहुंची? परिजन यह भी पूछ रहे हैं कि यदि उसने 6वीं मंजिल से छलांग लगाई, तो किसी ने देखा क्यों नहीं? मोबाइल फोन भी टूटा हुआ नहीं मिला। शरीर पर पैरों में दो गहरे घाव पाए गए, जबकि अन्य कोई स्पष्ट गंभीर चोट के निशान नहीं थे।