जालंधर में बेसहारा और बीमार गायों की मदद के लिए एक अनूठी पहल की गई है। एनिमल प्रोटेक्शन फाउंडेशन की ओर से पंजाब की पहली हाइड्रॉलिक काऊ सेवा एम्बुलेंस की शुरुआत की गई। इस एम्बुलेंस को जालंधर के डिप्टी कमिश्नर हिमांशु अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने बताया कि इस हाईटेक एम्बुलेंस के जरिए अब बिना किसी मानवीय कठिनाई के घायल या बीमार गायों को इलाज के लिए अस्पताल या गौशाला तक पहुंचाया जा सकेगा। डिप्टी कमिश्नर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि सड़कों पर घूमते आवारा पशु कई बार दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं। ऐसे में यह एम्बुलेंस शहर में पशु कल्याण की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने इस पहल के लिए एनजीओ को बधाई दी और प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस मुहिम की जानकारी देते हुए एनजीओ के प्रमुख युवी सिंह ने बताया कि यह एम्बुलेंस सुबह से शाम तक बीमार या घायल गायों को उठाकर नजदीकी अस्पताल या गौशाला पहुंचाने का काम करेगी। इस सेवा के लिए किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। युवी सिंह ने बताया कि इस हाइड्रॉलिक सिस्टम से लैस एम्बुलेंस पर करीब 15 से 16 लाख रुपये का खर्च आया है। यह सेवा न केवल गायों की जिंदगी बचाएगी, बल्कि शहर की सड़कों को भी सुरक्षित बनाएगी।