कमिश्नरेट जालंधर की क्राइम ब्रांच ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को 800 ग्राम हेरोइन और एक कार सहित गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर के निर्देशों पर की गई। पुलिस टीम ने गश्त और नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध कार को रोका। तलाशी के दौरान आरोपियों जसकरण सिंह और सुखदेव सिंह के कब्जे से 800 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना बस्ती बावा खेल में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी पिछले करीब 6 महीनों से नशा तस्करी में सक्रिय थे। एक आरोपी ड्राइविंग करता था, जबकि दूसरा डेयरी का काम करता था। पुलिस ने बताया कि आरोपियों का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।