जालंधर के नेहरू गार्डन स्कूल की 17 वर्षीय छात्रा रागिनी ने नेशनल जूडो चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतकर शहर का नाम रोशन किया है। छोटी सी उम्र में दर्जनों मेडल जीत चुकी रागिनी ने इस साल नेशनल स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए पांचों मुकाबले जीतकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। प्रतियोगिता में 17 से 18 राज्यों के खिलाड़ी शामिल हुए थे। मीडिया से बातचीत में रागिनी ने बताया कि उसने कभी नहीं सोचा था कि वह खेल के क्षेत्र में इतना आगे बढ़ पाएगी। शुरुआत में वह पढ़ाई कर यूपीएस की तैयारी करने का सोच रही थी, लेकिन जूडो कोच सुधीर से ट्रेनिंग लेने के बाद उसने खेल में अपना करियर बनाने का फैसला किया। अब तक वह 18-20 डिस्ट्रिक्ट और 15-17 स्टेट लेवल मुकाबले खेल चुकी है। रागिनी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने पिता और कोच सुरिंदर को दिया। उन्होंने बताया कि नेशनल चैंपियनशिप में वह अपने खर्चे पर खेलने गई थीं, जिसका पूरा खर्च उनके पिता ने उठाया। गोल्ड मेडल जीतने के बाद स्कूल ने उन्हें सम्मानित किया। रागिनी ने प्रशासन से अपील की है कि खिलाड़ियों को आर्थिक सहायता दी जाए, क्योंकि कई प्रतिभाएं पैसों की कमी के कारण आगे नहीं बढ़ पातीं। उन्होंने कहा कि अगर सरकार और प्रशासन सहयोग करें तो पंजाब के खिलाड़ी भी देशभर में अपना परचम लहरा सकते हैं।