पंजाब के जालंधर से ताल्लुक रखने वाले भारतीय पुरुष हॉकी टीम के स्टार मिडफील्डर मनप्रीत सिंह ने भारतीय हॉकी इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ दिया है। 33 वर्षीय मनप्रीत ने रॉटरडैम में नीदरलैंड के खिलाफ मुकाबले में उतरकर पूर्व भारतीय कप्तान दिलीप टिर्की के 412 अंतरराष्ट्रीय मैचों के राष्ट्रीय रिकॉर्ड की बराबरी की थी। वहीं अब 413वां मुकाबला खेलकर वह भारत के लिए सबसे अधिक अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। मनप्रीत सिंह 400 से अधिक सीनियर अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेलने वाले चुनिंदा खिलाड़ियों के क्लब में शामिल हैं और इस मुकाम तक पहुंचने वाले वर्तमान में एकमात्र सक्रिय भारतीय खिलाड़ी हैं। पिछले एक दशक से वह भारतीय पुरुष हॉकी टीम की सफलता के सबसे मजबूत स्तंभों में रहे हैं। ओलंपिक, हॉकी विश्व कप, एशियाई खेल और चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने अपनी छाप छोड़ी है। टोक्यो ओलंपिक 2020 में भारत को ऐतिहासिक कांस्य पदक दिलाने में भी उनकी अहम भूमिका रही थी। उनके नेतृत्व, अनुभव और लगातार शानदार प्रदर्शन ने भारतीय हॉकी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। 413वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेलकर मनप्रीत ने दिलीप टिर्की का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है और भारतीय हॉकी इतिहास में सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले खिलाड़ी बनकर देश और पंजाब का नाम रोशन किया है।