कमिश्नरेट जालंधर की सीआईए स्टाफ टीम ने गोलीबारी की घटनाओं में फरार चल रहे आरोपी जतिंदर सिंह उर्फ नंदू उर्फ अमन को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी का संबंध विदेश में बैठे कुख्यात अपराधियों जोगा फोलड़ीवाल और सोनू खत्री गैंग से बताया जा रहा है। पुलिस कमिश्नर जालंधर धनप्रीत कौर ने जानकारी देते हुए बताया कि डीसीपी इन्वेस्टिगेशन, एडीसीपी इन्वेस्टिगेशन और एसीपी डिटेक्टिव के दिशा-निर्देशों पर इंस्पेक्टर सुरिंदर कुमार इंचार्ज सीआईए स्टाफ की टीम ने लगातार तकनीकी और खुफिया इनपुट के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। इससे पहले 22 मार्च को पुलिस ने इसी गैंग के सदस्य कुलवंत सिंह उर्फ गोपा को 2 पिस्टल और 4 कारतूस सहित गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के दौरान कुलवंत सिंह ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की थी। जवाबी कार्रवाई में उसकी बाईं टांग में गोली लगी थी।