जालंधर कमिश्नरेट की क्राइम ब्रांच ने नशे के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो युवकों और एक युवती को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 260 ग्राम हेरोइन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। कार्रवाई पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर के निर्देशों पर डीसीपी-इन्वेस्टिगेशन मनप्रीत सिंह और एसीपी-डी अमरबीर सिंह की देखरेख में की गई। क्राइम ब्रांच प्रभारी सरबजीत सिंह के नेतृत्व में टीम ने आरोपियों की पहचान जतिंदर सिंह उर्फ आशु (निवासी कुतबेवाल, जिला कपूरथला), युवराज सिंह थापर उर्फ योगा (निवासी मलरी, थाना नकोदर, जिला जालंधर) और लवलीन कौर (निवासी बाग मोहल्ला, शाहकोट) के रूप में की है। पुलिस के अनुसार, पंजाब एवेन्यू से सुभान गांव रोड की ओर गश्त व चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध काली मोटरसाइकिल को रोका गया, जिसकी तलाशी में 260 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इस संबंध में थाना डिवीजन नंबर-7, कमिश्नरेट जालंधर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21सी, 61 व 85 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन पड़ताल की जा रही है। आरोपियों पर तस्करी के पहले भी कई मामले दर्ज हैं जिन्हें अदालत में पेश कर रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।