होली के मद्देनजर रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जीआरपी एसपी ऑपरेशन ने सिटी और कैंट रेलवे स्टेशन पर विशेष सर्च अभियान चलाया । त्योहारों के दौरान संभावित सुरक्षा चुनौतियों को देखते हुए यह कार्रवाई एहतियातन की गई। सर्च ऑपरेशन के दौरान प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, पार्किंग एरिया और संदिग्ध वस्तुओं की गहन जांच की गई। यात्रियों के सामान की भी चेकिंग की गई ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। पुलिस अधिकारियों ने यात्रियों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की। इसके अलावा, पूरे पंजाब के रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी मॉनिटरिंग और नियमित गश्त के जरिए यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है, ताकि लोग होली का त्योहार सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से मना सकें।