जालंधर देहात के थाना भोगपुर इलाके से इंसानियत को शर्मसार और दिल दहला देने वाली घटना हुई है। गांव डल्ला में छह महीने की मासूम बच्ची अलीजा की नाना-नानी ने हत्या कर दी। वजह सिर्फ इतनी थी कि मां के बिना बच्ची लगातार रोती थी और उसे संभालना नाना-नानी के लिए मुश्किल हो रहा था। इस निर्मम कांड ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। एसपी डी सरबजीत राय ने बताया कि मृतक बच्ची की मां मनिंदर कौर ने तीसरी शादी की थी, जिससे उसकी यह बच्ची हुई थी। पहले भी उसके 3 विवाह हो चुके थे, लेकिन किसी भी रिश्ते में वह स्थायी तौर पर नहीं रह पाई। इस बीच उसका एक और प्रेमी था, जिसके साथ वह घर छोड़कर भाग गई थी। रक्षाबंधन के दिन मनिंदर कौर अपने मायके गांव डल्ला लौटी थी, लेकिन इस दौरान वह अपनी छह महीने की बच्ची अलीजा को अपने माता-पिता यानी बच्ची के नाना-नानी के पास ही छोड़ गई और दोबारा अपने प्रेमी के पास चली गई।