एनपीएस वर्ल्डवाइड इंडिया और डॉ. रणधीर की पंजाब इमैच्योर बॉडीबिल्डिंग संगठन की ओर से जालंधर में “मिस्टर एनपीएस पंजाब 2026” प्रतियोगिता का शानदार आयोजन किया गया। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता दिवंगत अंतरराष्ट्रीय बॉडीबिल्डर वरिंदर घुम्मन को समर्पित रही, जहां पंजाब भर से पहुंचे युवाओं ने अपनी फिटनेस और बॉडीबिल्डिंग प्रतिभा का दमखम दिखाया। कार्यक्रम की शुरुआत वरिंदर घुम्मन को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इस मौके पर जालंधर की मेयर वनीत धीर, आम आदमी पार्टी के जालंधर सेंट्रल इंचार्ज नितिन कोहली, कांग्रेसी नेत्री सुरिंदर कौर, चेयरमैन काकू आहलूवालिया समेत कई गणमान्य हस्तियां मौजूद रहीं।मेयर वनीत धीर ने कहा कि वरिंदर घुम्मन ने कम उम्र में विश्व स्तर पर पंजाब का नाम रोशन किया और युवाओं को नशे से दूर रहकर खेल व फिटनेस अपनाने की प्रेरणा दी। वहीं नितिन कोहली ने कहा कि यह प्रतियोगिता हर साल युवाओं को नई दिशा देने का काम करती है और इस बार इसे वरिंदर घुम्मन के नाम समर्पित करना गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से वरिंदर घुम्मन की याद में पार्क और चौक भी विकसित किए जा रहे हैं। वरिंदर घुम्मन के भाई ने आयोजन को भावुक पल बताते हुए कहा कि उनके कोच रणधीर हस्तीर द्वारा भाई के नाम पर प्रतियोगिता करवाना पूरे परिवार के लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी सरकार और प्रशासन के सहयोग से वरिंदर घुम्मन की याद में बड़े खेल आयोजन किए जाएंगे।