पंजाब सरकार की योजनाओं पर सवाल खड़े करते हुए पंजाब भाजपा के पूर्व प्रधान-सांसद श्वेत मलिक ने आम आदमी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। बुधवार को जालंधर पहुंचे पूर्व सांसद मलिक ने कहा कि आम आदमी के चार साल, पंजाब-पंजाबियों का बुरा हाल, जनता ने बदलाव के लिए वोट किया था और उन्हें झूठ-गुमराह और लाठी के कुछ नहीं मिला। बदलाव का फायदा आप के नेताओं-परिवारों को मिला, पंजाब का व्यापारी, उद्योगपति, किसान, यूथ, महिलाओं और छात्रों के हाथ खाली हैं। पहले कांग्रेस फिर आम आदमी पार्टी, इन 10 सालों में पंजाब में साढ़े चार लाख करोड़ से अधिक का कर्ज हो गया, इससे पहले सिर्फ डेढ़ लाख करोड़ था। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों एक ही पुकार है कि मोदी जैसा शासक, योगी जैसा मुख्यमंत्री और शाह जैसा गृह विभाग संभालने वाला नेता चाहिए, ताकि जवानी-किसानी और व्यापारियों को बचाया जा सके। आप सरकार में मुलाजिम, अध्यापक, छात्र, व्यापारी-उद्योगपति त्राहि-त्राहि कर रहे हैं। अगर आवाज उठाओं तो मारा-पीटा जा रहा है, पुलिस सरकार के कहने पर महिलाएं हो या युवा किसी को नहीं बख्श रहे।