जालंधर के बूटा पिंड इलाके में पुरानी रंजिश के चलते देर रात करीब 3 बजे एक घर पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने बदमाशों पर गोलियां चलाने और तेजधार हथियारों से घर पर हमला करने के आरोप लगाए हैं। हमले के दौरान गली में खड़ी दो कारों के शीशे भी टूट गए। पुलिस को मौके से दो खोल बरामद हुए हैं। पीड़ित रेखा के अनुसार, वह अपने बच्चों के साथ घर में सो रही थी। इसी दौरान कुछ युवक तेज रफ्तार बाइक पर उनके घर के बाहर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि बदमाशों ने तेजधार हथियारों से घर की खिड़की तोड़ने के बाद दरवाजे पर भी हमला किया। डर के कारण रेखा बच्चों को लेकर घर की छत पर चली गई। रेखा ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए तीन राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। हमले के दौरान बचाव पक्ष की ओर से ईंट-पत्थर चलाए जाने की भी बात सामने आई है, जिसके चलते गली में खड़ी कारों के शीशे टूटे। थाना-6 की प्रभारी राजवंत कौर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दो खोल बरामद किए गए। वहीं एडीसीपी सिटी-2 राकेश यादव ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।