जालंधर-कपूरथला रोड पर सर्जिकल कॉम्प्लेक्स के नजदीक स्थित एक फैक्टरी में सोमवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। तेज हवाओं के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग से उठता घना धुआं दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था। घटना की सूचना मिलते ही फैक्टरी प्रबंधन और स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की कई गाड़ियां पिछले दो घंटे से अधिक समय से आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटी हुई हैं। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, फैक्टरी में सर्जिकल सामान का निर्माण किया जाता है। आग लगने के कारणों का अभी तक आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है, हालांकि शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है। राहत की बात यह है कि अब तक किसी के हताहत होने या जानमाल के नुकसान की सूचना सामने नहीं आई है।