पंजाब में कांग्रेस के प्रदेश प्रधान राजा वडिंग के खिलाफ नाराज़गी बढ़ती जा रही है। जालंधर के प्रभु श्री राम चौक पर आज नगर निगम कर्मचारियों ने राजा वडिंग का पुतला फूंक कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन वडिंग द्वारा पूर्व केंद्रीय गृहमंत्री बूटा सिंह को लेकर दिए गए विवादित बयान के विरोध में किया गया। हाल ही में तरनतारन उपचुनाव के दौरान राजा वडिंग ने एक जनसभा में ऐसा बयान दिया था, जिसने पंजाब की राजनीति में हलचल मचा दी। उनके इस बयान की पूरे प्रदेश में निंदा हो रही है, और कई जगहों पर उनका पुतला जलाया जा चुका है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यह विरोध “अहंकारी” राजा वडिंग के खिलाफ है, जिन्होंने एक वरिष्ठ और सम्मानित नेता के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया। कर्मचारियों ने कहा कि बूटा सिंह न केवल देश के पूर्व गृहमंत्री रह चुके हैं, बल्कि छह बार सांसद और उच्च शिक्षित नेता भी रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति को अपने वरिष्ठों के सम्मान का ज्ञान नहीं, वह किसी पार्टी का नेतृत्व करने के योग्य नहीं है। ऐसे बयानों से पंजाब की राजनीतिक संस्कृति को ठेस पहुंची है। प्रदर्शन के दौरान नगर निगम कर्मचारियों ने वडिंग से सार्वजनिक माफ़ी मांगने की मांग की और चेतावनी दी कि अगर उन्होंने ऐसा नहीं किया, तो विरोध और तेज़ किया जाएगा।