महानगर के बस स्टैंड के बाहर एक बार फिर ऑटो चालकों की ठगी का मामला सामने आया है। इस बार शिकार बने होशियारपुर निवासी रिटायर्ड सूबेदार हरपाल सिंह, जो दवाई लेने जालंधर आए थे। आरोप है कि नोवा अस्पताल जाने के लिए 20 रुपये में ऑटो तय किया, लेकिन रास्ते में चालक उनका पर्स लेकर फरार हो गया। पीड़ित के अनुसार ऑटो चालक ने किराया भी नहीं लिया और कुछ देर बाद वह अचानक गायब हो गया। जब उन्होंने अपनी जेब चेक की तो पर्स गायब था। पर्स में नगदी सहित जरूरी दस्तावेज थे, जिनकी कुल कीमत करीब 15 से 20 हजार रुपये बताई जा रही है। हरपाल सिंह का कहना है कि चालक नशे में लग रहा था और ऑटो में एक अन्य व्यक्ति भी बैठा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बयान दर्ज किए। इंस्पेक्टर दिलजीत सिंह ने बताया कि कंट्रोल रूम में स्नेचिंग की सूचना मिली थी, लेकिन जांच में मामला ठगी का निकला। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।