पंजाब के जालंधर के मकसूदां एरिया के आनंद नगर में गली नंबर-1 में आइस फैक्टरी (बर्फ फैक्टरी) में एक बार फिर से गैस लीक होने का मामला सामने आया है। गैस लीक होने से वहां हड़कंप मच गया। इससे पहले मार्च महीने में इसी आइस फैक्टरी में अमोनिया गैस लीक हुई थी और उसके बाद मामला तूल पकड़ गया था। इसके बाद फैक्टरी को बंद करने आदेश जारी हुए थे, लेकिन फैक्टरी मालिक ने दोबारा अमोनिया गैस भरकर फैक्टरी में रखी थी। शनिवार को फैक्टरी बंद होने के दौरान एक बार फिर से गैस लीक हुई और इलाके को खाली करवाया गया। डिप्टी डायरेक्टर ऑफ सेक्रेटरी गुरजंट सिंह खुद मौके पर पहुंचे, साथ सिविल प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने दोबारा फैक्टरी बंद करवा दी है। वहीं अमोनिया गैस को फैक्टरी से बाहर निकाला जा रहा है।