महानगर जालंधर में बेलव्यू ग्रीन्स फ्लैट्स के बाहर हुई स्नैचिंग की घटना में को पुलिस ने सुलझा लिया। मॉडल टाउन के एसीपी ने प्रेस वार्ता में बताया कि मामले में शामिल दोनों आरोपियों की पहचान कर ली गई है। इनमें से एक आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है, जबकि दूसरा घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती है। पुलिस थाना डिवीजन नंबर-7 में पीड़िता संदीप कौर अरोड़ा पत्नी विवेक अरोड़ा की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता मामला दर्ज किया है। घटना एसएएस नगर एक्सटेंशन इलाके की है, जहां डॉक्टर की पत्नी सड़क किनारे जानवरों को पानी पिला रही थीं। इसी दौरान एक्टिवा सवार दो युवकों ने महिला पर तेजधार हथियार से हमला कर उसके गले से सोने की चेन और लॉकेट झपट लिया। वारदात के बाद दोनों आरोपी एक्टिवा पर फरार होने लगे, लेकिन महिला का शोर सुनकर पीछे से आ रहे एक कार चालक ने साहस दिखाते हुए उनकी एक्टिवा को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से एक आरोपी सड़क पर गिर गया और उसकी टांग टूट गई। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे दबोच लिया, जबकि दूसरा आरोपी चेन लेकर फरार हो गया। आरोपियों की पहचान राजा पुत्र दीपक कुमार उर्फ दीपा निवासी क्वार्टर नंबर-6 स्टाफ कॉलोनी सिविल अस्पताल जालंधर और राजन कुमार पुत्र किशन कुमार निवासी बस्ती मिठू, जालंधर के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक राजन कुमार घटना के दौरान घायल हो गया था और पैर में फ्रैक्चर होने के कारण फिलहाल सिविल अस्पताल जालंधर में भर्ती है। वहीं दूसरे आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी है। सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी रिकॉर्ड हुई है। फुटेज में आरोपी महिला की रेकी करते और फिर वारदात को अंजाम देते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने फुटेज को कब्जे में लेकर जांच तेज कर दी है। एसीपी मॉडल टाउन ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपियों का किसी अन्य स्नैचिंग गिरोह से संबंध तो नहीं है।