जालंधर के सबसे व्यस्त और पॉश इलाके मॉडल टाउन में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब केएफसी के समीप स्थित सिल्वर के शोरूम में देर रात अचानक भीषण आग भड़क उठी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही पलों में पूरा शोरूम इसकी चपेट में आ गया और आसपास के इलाके में धुएं का गुबार फैल गया, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों मॉडल टाउन मोबाइल मार्केट एसोसिएशन के प्रधान राजीव दुग्गल ने बताया कि शुरुआत में हल्का धुआं दिखाई दिया, लेकिन मिनटों के भीतर आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। ऊंची लपटें उठती देख आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके से भागने लगे। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां सायरन बजाती हुई घटनास्थल पर पहुंचीं और तुरंत राहत व बचाव कार्य शुरू किया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और उसे आसपास की दुकानों व रिहायशी इमारतों तक फैलने से रोक लिया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन आग से शोरूम में रखा लाखों रुपये का कीमती सामान जलकर राख हो गया। आग बुझने के बाद भी काफी देर तक दुकान से धुआं निकलता रहा, जिसे पूरी तरह शांत करने में समय लगा। फिलहाल प्रशासन और दुकान मालिक नुकसान का आकलन कर रहे हैं।