कमिश्नरेट जालंधर में वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों पर बड़ी कार्रवाई की है। सीआईए स्टाफ के इंचार्ज इंस्पेक्टर सुरिंदर कुमार और थाना डिवीजन नंबर 1 के प्रभारी सब-इंस्पेक्टर राकेश कुमार की टीम ने 30 मार्च को लड़ाई-झगड़े और हवाई फायरिंग की वारदात में शामिल चार खतरनाक आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार 26 मार्च की रात करीब 9 बजे नीरज उर्फ काली और उसके साथियों पर नहर पटरी के पास टाइलों के गोदाम के नजदीक कुछ युवकों ने तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि एक आरोपी ने रिवॉल्वर से हवाई फायरिंग भी की। पुलिस ने विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया था। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चारों आरोपियोंसाहिल उर्फ संधू, जैरी खोसला, मोहित कुमार उर्फ चुटकी और रोहित उर्फ मेमना को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल 32 बोर रिवॉल्वर और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया गया है, ताकि घटना में प्रयुक्त अन्य हथियारों और वाहनों के बारे में पूछताछ की जा सके। मामले की जांच जारी है।