जालंधर के वेरका मिल्क प्लांट चौक में वीरवार देर रात कार निकालने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद में सूफी गायक ज्योति नूरा के पति अभिषेक उस्मान और उनके साथियों का एक राहगीर तथा उसके बेटे के साथ झगड़ा हो गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पीड़ित सतिंदर पाल, निवासी कालिया कॉलोनी, ने आरोप लगाया कि वह अपनी कार से वेरका मिल्क प्लांट की ओर जा रहे थे और उन्होंने इंडिकेटर भी दिया हुआ था। इसी दौरान सामने एक कार आकर रुक गई। कार में सवार 4-5 युवकों ने रास्ते को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने कथित तौर पर उनके साथ मारपीट की। जब उन्होंने अपने बेटे को मौके पर बुलाया तो उसके साथ भी हाथापाई की गई। सतिंदर पाल का आरोप है कि हमले के दौरान कुछ लोगों के हाथों में तेजधार हथियार भी थे। उन्होंने घटना की वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर ली। घायल पिता-पुत्र बाद में इलाज के लिए सिविल अस्पताल पहुंचे, जहां उन्हें पता चला कि संबंधित कार सूफी गायक ज्योति नूरा के पति अभिषेक उस्मान की थी। पीड़ित ने पूरे मामले की शिकायत थाना डिवीजन नंबर-1 की पुलिस को दे दी है।