शहर में झपटमारी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला बस्ती गुजा इलाके का है, जहां बेटी को स्कूल छोड़ने जा रही एक महिला से दिनदहाड़े बालियां छीन ली गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि स्थानीय लोगों की सतर्कता और बहादुरी से एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि उसका साथी फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, बबीता नामक महिला सुबह अपनी बेटी को स्कूल छोड़ने जा रही थीं। जैसे ही वह स्कूल के नजदीक पहुंचीं, तभी बिना नंबर प्लेट की स्कूटी पर सवार दो युवक उनके पास आए और अचानक उनकी बालियां झपट लीं। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग तुरंत इकट्ठा हो गए और आरोपियों का पीछा करना शुरू कर दिया। पीछा करते हुए लोगों ने झंडिया वाले पीर के पास एक आरोपी को काबू कर लिया। गुस्साए लोगों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। पकड़े गए आरोपी ने अपनी पहचान राजू (24) निवासी किशनपुरा के रूप में बताई है। उसने खुलासा किया कि उसका साथी करण वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया। आरोपी ने यह भी कबूल किया कि वह शराब पीने का आदी है और नशे की हालत में इस तरह की वारदात को अंजाम देता है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस ने बिना नंबर की स्कूटी को भी कब्जे में ले लिया है। महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। फरार आरोपी की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में झपटमारी और चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे महिलाओं में डर का माहौल है। लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।