फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फरीदकोट में नशे की ओवरडोज से युवक की माैत

Nivedita Updated Thu, 16 Jul 2026 12:51 PM IST

फरीदकोट थाना सदर के अधीन गांव अराईयांवाला कलां में नशे की ओवरडोज से 25 वर्षीय जसवंत सिंह उर्फ लल्ली की मौत ने एक परिवार की दुनिया उजाड़ दी। डेढ़ साल के मासूम बच्चे के सिर से पिता का साया उठ गया, जबकि माता-पिता ने अपने जवान बेटे को खो दिया। इस मामले में थाना सदर पुलिस ने मृतक के तीन साथियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।  मृतक के पिता जगदेव सिंह उर्फ लाहला ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि गांव के ही रहने वाले बिल्ला सिंह, रोहित उर्फ निंजा और संजू ने उनके बेटे को नशे की लत लगाई थी। परिवार ने उसे नशा मुक्ति केंद्र में भी भर्ती कराया था, लेकिन गलत संगत के कारण वह पूरी तरह नशा नहीं छोड़ सका।  परिजनों के अनुसार, एक दिन पहले तीनों युवक जसवंत को घर से काम का बहाना बनाकर अपने साथ ले गए। देर शाम जब वह घर लौटा तो बाथरूम में चला गया। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों ने दरवाजा खोला तो वह मृत अवस्था में पड़ा था। उसके मुंह से झाग निकल रहा था और हाथ में सिरिंज लगी हुई थी। परिवार का आरोप है कि युवकों ने उसे नशा उपलब्ध कराया, जिसकी ओवरडोज से उसकी मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने गांव में खुलेआम नशा बिकने का भी आरोप लगाया। उनका कहना है कि पुलिस कार्रवाई के बावजूद नशा तस्कर कुछ समय बाद जेल से बाहर आकर फिर से वही धंधा शुरू कर देते हैं, जिससे युवाओं की जिंदगी बर्बाद हो रही है। वहीं थाना सदर के एसएचओ इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। वहीं, शव का गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिसके बाद उसे परिजनों के हवाले कर दिया जाएगा।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें