पंजाब कर्मचारी फ्रंट और पंजाब कर्मचारी मंच के संयुक्त आह्वान पर सोमवार को तहसील कॉम्प्लेक्स, तलवाड़ा में पंजाब सरकार के वित्त मंत्री का पुतला फूंककर जोरदार रोष प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कर्मचारियों और पेंशनरों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की। प्रदर्शन का नेतृत्व पंजाब सब-ऑर्डिनेट सर्विसेज फेडरेशन के प्रधान राजीव शर्मा, पुरानी पेंशन बहाली संघर्ष कमेटी के सूबा कन्वीनर जसवीर तलवाड़ा तथा पेंशनर नेता युगराज सिंह ने किया। नेताओं ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा लंबे समय से कर्मचारियों और पेंशनरों की जायज मांगों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है, जिसके चलते कर्मचारियों में भारी रोष है। नेताओं ने कहा कि विभिन्न विभागों में लंबे समय से ठेका और इनलिस्टमेंट के आधार पर सेवाएं दे रहे कर्मचारियों को अभी तक नियमित नहीं किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कर्मचारियों का 18 प्रतिशत महंगाई भत्ता (डीए) भी लंबे समय से रोका हुआ है। इसके अलावा पेंशनरों की मांगों पर भी सरकार गंभीरता नहीं दिखा रही। उन्होंने पेंशनरों के लिए 2.59 फैक्टर लागू करने तथा कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग दोहराई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि कर्मचारी और पेंशनर लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही कर्मचारियों की मांगों का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। नेताओं ने ऐलान किया कि 27 अगस्त को पंजाब भर के कर्मचारी हड़ताल पर जाएंगे।