गीता भवन ट्रस्ट सोसाइटी के संस्थापक ब्रह्मलीन स्वामी वेदान्तानंद जी महाराज की पुण्यतिथि के अवसर पर आज गीता भवन मोगा और पवन धाम हरिद्वार में भव्य आयोजन कर श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर जहां मोगा में संगत हेतु भंडारे का आयोजन किया गया वहीं हरिद्वार में संतों ने महाराज श्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर प्रसाद ग्रहण किया तथा संस्था द्वारा संतों को दक्षिणा वितरित कर सम्मान किया गया। इस मौके पर सोसायटी के अध्यक्ष सुनील गर्ग एडवोकेट ने कहा कि स्वामी वेदान्तानंद जी साक्षात ईश्वर स्वरूप थे जिन्होंने धरा पर अवतरण लेकर लोककल्याण के अनगिनत कार्य किए। उन्होंने संत सेवा और धर्म सेवा को अपने जीवन का मूलमंत्र बनाकर सादगी से अपना जीवन यापन किया व वटवृक्ष के रूप में गीता भवन और पावन धाम की नींव रखी। इस मौके पर महासचिव अंशुल श्रीकुंज ने कहा कि हरिद्वार में वेदांत गौशाला शुरू की गई, जिससे दूध की संत महात्माओं को सेवा की जाती है, जो कि एक आस्था का केन्द्र बनी हुई हैं। इस मौके पर ट्रस्ट के अध्यक्ष एडवोकेट सुनील गर्ग ने कहा कि स्वामी जी का पूरा जीवन धर्म और अध्यात्म से प्रेरित था तथा जनमानस को दिशा दिखाने वाला था।