फिरोजपुर रेंज की एसटीएफ ने पाकिस्तान से आई विदेशी छह पिस्तौलों की डिलीवरी देने जा रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उधर, थाना सदर पुलिस ने उक्त तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक एसटीएफ की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी असलहा सप्लाई करने का धंधा करते हैं। पाकिस्तान से मंगवाई विदेशी पिस्तौलें किसी व्यक्ति को देने जा रहे हैं। आरोपी बाइक पर सवार होकर ममदोट से होते हुए गांव पीर इस्माइल खां के रास्ते फिरोजपुर जा रहे हैं। एसटीएफ ने नाकाबंदी कर आरोपियों को काबू किया। तलाशी लेने पर उनके पास से विदेशी छह पिस्तौलें व एक मोबाइल बरामद हुआ है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सोनू सिंह वासी बस्ती अराइयां वाली, गुरुहरसहाए, जगदीश व साजन कुमार वासी वलू सिंह (बहादुरके) के तौर पर हुई है। मोबाइल की जांच की जा रही है कि किन-किन लोगों से उक्त आरोपियों के संपर्क हैं।