मोगा के वार्ड नंबर 41 स्थित आम आदमी क्लीनिक में सोमवार रात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर क्लीनिक का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और एक एसी, एसी की आउटडोर यूनिट तथा पानी की मोटर और बाथरूम से पानी की टूटी चोरी करके फरार हो गए। मंगलवार सुबह जब क्लीनिक का स्टाफ ड्यूटी पर पहुंचा तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ मिला। इसके बाद कर्मचारियों ने तुरंत अपने वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद थाना सिटी साउथ के एसएचओ पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। क्लीनिक के कर्मचारियों ने बताया कि मुख्य गेट के अलावा डॉक्टर के कमरे और दवाइयों के स्टोर का ताला भी टूटा हुआ मिला। जांच के दौरान पता चला कि डॉक्टर के कमरे में लगा एसी और उसकी आउटडोर यूनिट गायब थी, जबकि दवाइयों के स्टोर से पानी की मोटर चोरी हो चुकी थी। स्टाफ ने बताया कि बाथरूम की पानी की टोंटियां तक नहीं तोड़ी गई हैं। दवाइयों के स्टॉक का मिलान किया जा रहा है। इसके बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कोई दवा भी चोरी हुई है या नहीं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।