नगर परिषद सुजानपुर के नए चुने गए बीजेपी और कांग्रेस के 10 पार्षदों ने डीसी ऑफिस के बाहर प्रदर्शन किया। जानकारी देते हुए कांग्रेस पार्षद अनुराधा बाली और बीजेपी पार्षद अशोक बावा ने संयुक्त रूप से कहा कि पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट ने डिप्टी कमिश्नर पठानकोट, एसडीएम धार कलां और ईओ नगर परिषद सुजानपुर को पार्षदों को शपथ दिलाने के आदेश जारी किए थे। उन्होंने कहा कि वे नगर परिषद ऑफिस सुजानपुर गए, लेकिन वहां भी हमारी बात नहीं सुनी गई। उसके बाद उन्होंने एसडीएम से बात की, तो उन्होंने कहा कि अभी मैं ड्यूटी पर नहीं हूं, आप डीसी के पास जाओ। उन्होंने कहा कि डीसी मैडम भी ऑफिस में नहीं हैं, और दस पार्षदों ने मिलकर डीसी ऑफिस में एप्लीकेशन दी है, ताकि हम शपथ ले सकें। उन्होंने कहा कि प्रशासन और आम आदमी पार्टी सरकार ने चार पार्षदों के बीच अध्यक्ष बनाकर हमारे साथ धक्का किया है। हम सभी पार्षद एक तरफ हैं और कोई भी प्रशासन हमारी बात नहीं सुन रहा है। इस मौके पर पार्षद लक्ष्मी वर्मा, शुभ लता, नीलम कुमारी, अश्विनी बंटी, सुरेश कुमार बॉबी, शमशेर सिंह, थॉमस, अशोक बावा, अनुराधा बाली मौजूद थे। दूसरी ओर नगर परिषद सुजानपुर के ईओ राकेश शर्मा के मुताबिक अध्यक्ष द्वारा एजेंडा तैयार करके पार्षदों को भेजा जा रहा है। पार्षदों को सोमवार 3 अगस्त को शपथ दिलाई जाएगी। नगर परिषद सुजानपुर की नई बनी अध्यक्ष नीतू मन्हास भी कहती हैं कि पार्षदों को सोमवार के लिए शपथ दिलाने का एजेंडा जारी कर दिया गया है और सभी को दोपहर 12:30 बजे शपथ दिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी पार्षद अपने शहर के हैं किसी के साथ जबरदस्ती नहीं की जाएगी।